‘बाहुबली’ से ‘हनुमान अंश’ तक: गेम्स, कॉमिक्स और एनिमेशन की दुनिया में भी पहुंचीं ये 12 भारतीय फिल्में
‘बाहुबली’, ‘कृष 3’, ‘धूम 3’ और ‘हनुमान अंश’ समेत जानिए उन 12 भारतीय फिल्मों के बारे में, जिनकी दुनिया गेम्स, कॉमिक्स और एनिमेटेड सीरीज तक पहुंची।
IST
Last Updated On
IST
किसी भी बड़ी फिल्म की कामयाबी सिर्फ उसकी बॉक्स ऑफिस कमाई तक सीमित नहीं होती। फिल्म निर्माताओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि वह भी होती है, जब उनके बनाए किरदार सिनेमाघरों से निकलकर दर्शकों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं। कभी ये किरदार कॉमिक बुक के पन्नों पर नजर आते हैं, कभी एनिमेटेड सीरीज में तो कभी मोबाइल और वीडियो गेम्स में। भारतीय सिनेमा की कई फिल्मों ने इस मामले में जबरदस्त सफलता हासिल की है। हालांकि, कुछ फिल्मों के मेकर्स ने इस तरह के प्रयोगों पर भारी रकम खर्च की, लेकिन उनके एक्शन फिगर्स और मोबाइल ऐप्स समय के साथ भुला दिए गए।
एस. एस. राजामौली की ‘बाहुबली’ से लेकर महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ तक, आइए जानते हैं उन 12 भारतीय फिल्मों के बारे में, जिनकी कहानियों और किरदारों का सफर बड़े पर्दे तक सीमित नहीं रहा।
यह भी पढ़ें | सेट हुए तबाह, बदले डायरेक्टर, बीच में टीम ने छोड़ा साथ: तमाम मुश्किलों के बावजूद रिलीज हुईं ये 12 भारतीय फिल्में
1. बाहुबली (Baahubali, 2015 और 2017)
फिल्मी दुनिया को सिनेमाघरों से बाहर विस्तार देने के मामले में एस. एस. राजामौली की ‘बाहुबली’ का मुकाबला करना मुश्किल है। 10 जुलाई 2015 को रिलीज हुई ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ और 28 अप्रैल 2017 को रिलीज हुई ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ में प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया, सत्यराज और राम्या कृष्णन ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। ‘कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा’, यह सवाल दो साल तक देशभर में चर्चा का विषय बना रहा।
सैकनिल्क के मुताबिक, 180 करोड़ रुपये के बजट में बनी पहली फिल्म ने भारत में 421 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 650 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी दूसरी फिल्म ने भारत में 1,030.42 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 1,788.06 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता के साथ ही ‘बाहुबली’ की दुनिया का विस्तार कॉमिक्स, गेम्स, किताबों और एनिमेटेड सीरीज में भी हुआ।
ग्राफिक इंडिया और अर्का मीडियावर्क्स ने 27 फरवरी 2017 को ग्राफिक पॉप ऐप पर डिजिटल कॉमिक ‘बाहुबली: बैटल ऑफ द बोल्ड’ (Baahubali: Battle of the Bold) रिलीज की थी। बाद में इसे ग्राफिक नॉवेल के रूप में भी प्रकाशित किया गया।
बेंगलुरु की मूनफ्रॉग लैब्स ने ‘बाहुबली: द गेम’ (Baahubali: The Game) नाम का रियल टाइम स्ट्रैटेजी गेम तैयार किया था। ‘बाहुबली 2’ की रिलीज से ठीक एक दिन पहले यानी 27 अप्रैल 2017 को इसका बीटा वर्जन जारी किया गया। इस गेम में खिलाड़ी माहिष्मती के सेनापति बनकर सेना को प्रशिक्षित करते थे और कालकेय से मुकाबला करते थे। भारतीय मोबाइल फोन्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए महज 24 एमबी के इस गेम को चार भाषाओं में 50 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया।
यह भी पढ़ें | एक कहानी, कई सुपरस्टार: ‘दृश्यम’ से ‘बॉडीगार्ड’ तक, अलग-अलग भाषाओं में बनीं इन 15 भारतीय फिल्मों की रीमेक
19 अप्रैल 2017 से अमेजन प्राइम वीडियो पर एनिमेटेड सीरीज ‘बाहुबली: द लॉस्ट लेजेंड्स’ (Baahubali: The Lost Legends) का प्रसारण शुरू हुआ था। इसके पांच सीजन और 71 एपिसोड आए। लेखक आनंद नीलकंठन ने भी ‘द राइज ऑफ शिवगामी’ (The Rise of Sivagami) से शुरू होने वाली तीन प्रीक्वल किताबें लिखीं।
जापान में अकीरा फुकाया की बनाई ‘बाहुबली’ की मांगा कॉमिक को जेंटोशा कॉमिक्स ने जून 2018 में प्रकाशित किया था। मई 2024 में डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर एनिमेटेड सीरीज ‘बाहुबली: क्राउन ऑफ ब्लड’ (Baahubali: Crown of Blood) भी आई। हालांकि, नेटफ्लिक्स की लाइव एक्शन प्रीक्वल सीरीज ‘बिफोर द बिगिनिंग’ (Before the Beginning) को बंद कर दिया गया था।
31 अक्टूबर 2025 को दोनों फिल्मों को नए सिरे से एडिट करके तैयार की गई ‘बाहुबली: द एपिक’ की रिलीज के बाद राजामौली और अर्का ने ‘बाहुबली: द इटरनल वॉर’ (Baahubali: The Eternal War) की घोषणा की। इस सीजी एनिमेटेड फिल्म का निर्देशन ईशान शुक्ला कर रहे हैं, जबकि ‘द ग्रिंच’ के स्कॉट मोसियर ने इसे लिखा है। प्रभास इसमें अमरेंद्र बाहुबली के किरदार को अपनी आवाज देंगे। फिल्म का पहला भाग 2027 में आएगा।
2. लगान (Lagaan, 2001)
आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी ‘लगान: वन्स अपॉन अ टाइम इन इंडिया’ 15 जून 2001 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। आमिर खान, ग्रेसी सिंह, रेचल शेली और पॉल ब्लैकथॉर्न स्टारर इस फिल्म ने साढ़े तीन घंटे लंबे क्रिकेट मुकाबले पर आधारित कहानी को किसी युद्ध फिल्म जैसा रोमांचक बना दिया था।
सैकनिल्क के मुताबिक, 25 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘लगान’ ने भारत में 34.35 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 58.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म को ऑस्कर में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला था।
फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए ‘लगान: द स्टोरी’ (Lagaan: The Story) नाम की एक कॉमिक बुक रिलीज की गई थी। इसके अलावा दो कलरिंग बुक्स, एक मास्क बुक और क्रिकेट पर आधारित एक बोर्ड गेम भी लॉन्च किया गया था। ये सभी प्रोडक्ट्स खासतौर पर 6 से 14 साल के बच्चों के लिए तैयार किए गए थे और हिंदी व अंग्रेजी में उपलब्ध थे।
फिल्म की सालगिरह के मौके पर जारी डीवीडी बॉक्स सेट में 11 खिलाड़ियों के कार्ड, भुवन की उभरी हुई आकृति वाला ‘लगान’ का एक सिक्का और मूल फिल्म की 35 एमएम सिनेमास्कोप फिल्म स्ट्रिप का हाथ से काटा गया हिस्सा भी शामिल था।
हालांकि, ‘लगान’ का कोई वीडियो गेम नहीं आया था। साल 2001 में भारत की मोबाइल गेमिंग इंडस्ट्री अस्तित्व में नहीं थी।
3. रा.वन (Ra.One, 2011)
शाहरुख खान की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘रा.वन’ 26 अक्टूबर 2011 को दिवाली के मौके पर रिलीज हुई थी। अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में करीना कपूर खान ने सोनिया और अर्जुन रामपाल ने विलेन की भूमिका निभाई थी। फिल्म का बजट कथित तौर पर 130 करोड़ रुपये था।
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘रा.वन’ ने भारत में 116.20 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 206.73 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन औसत से कम रहा था। हालांकि, समय के साथ इसने दर्शकों के बीच लगभग कल्ट फिल्म जैसी पहचान बना ली।
मर्चेंडाइजिंग और गेमिंग के मामले में ‘रा.वन’ अपने समय से काफी आगे थी। रेड चिलीज ने सोनी कंप्यूटर एंटरटेनमेंट यूरोप के साथ मिलकर प्लेस्टेशन 2 और प्लेस्टेशन 3 के लिए ‘रा.वन: द गेम’ (Ra.One - The Game) लॉन्च किया था। ट्राइन गेम स्टूडियोज द्वारा तैयार किया गया यह गेम 5 अक्टूबर 2011 को रिलीज हुआ था।
यह पहली बार था, जब किसी बॉलीवुड फिल्म के लिए बाकायदा कंसोल गेम तैयार किया गया था। इसके लिए पीएस2 और पीएस3 के विशेष बंडल पैक्स भी उपलब्ध कराए गए थे।
यूटीवी इंडियागेम्स ने ‘रा.वन जेनेसिस’ (Ra.One Genesis) नाम का एक सोशल गेम भी तैयार किया था, जिसकी अपनी अलग कहानी जी.वन के किरदार पर आधारित थी। फिल्म के किरदारों पर डिजिटल कॉमिक्स भी जारी की गई थीं।
इसके अलावा खिलौने, कपड़े, टैबलेट्स और मुंबई में आयोजित ‘कॉल ऑफ ड्यूटी’ गेमिंग टूर्नामेंट भी फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा थे। टूर्नामेंट की यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग की गई थी। फिल्म के लिए 25 से ज्यादा ब्रांड्स के साथ करीब 52 करोड़ रुपये की डील हुई थी।
भले ही ‘रा.वन’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, लेकिन फिल्म ने मर्चेंडाइजिंग और गेमिंग के मामले में ऐसा मॉडल तैयार किया, जिसका इस्तेमाल बाद की फिल्मों में भी किया गया।
4. सिंघम (Singham, 2011)
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी ‘सिंघम’ 22 जुलाई 2011 को रिलीज हुई थी। फिल्म में अजय देवगन ने बाजीराव सिंघम, काजल अग्रवाल ने काव्या और प्रकाश राज ने जयकांत शिकरे का किरदार निभाया था। यह साल 2010 की तमिल फिल्म ‘सिंगम’ का हिंदी रीमेक थी।
सैकनिल्क के मुताबिक, 52 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने भारत में 100.50 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 151.27 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म सुपरहिट रही और इसी के साथ रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स की नींव पड़ी।
फिल्म की रिलीज के सात साल बाद मेकर्स ने सिंघम के किरदार को बच्चों की दुनिया में पहुंचाया। डिस्कवरी किड्स, रिलायंस एनिमेशन और रोहित शेट्टी पिक्चर्ज की 156 एपिसोड वाली एनिमेटेड सीरीज ‘लिटिल सिंघम’ (Little Singham) का प्रीमियर 21 अप्रैल 2018 को हुआ था।
सीरीज इतनी लोकप्रिय हुई कि डिस्कवरी किड्स उस साल सबसे तेजी से बढ़ने वाला बच्चों का चैनल बन गया। ‘लिटिल सिंघम’ का प्रसारण हिंदी, अंग्रेजी, तमिल और तेलुगु में होता है। बाद में इसका विस्तार पोगो चैनल तक भी हुआ। इसके अलावा प्रीक्वल सीरीज ‘बेबी लिटिल सिंघम’ और ‘सिंबा’ पर आधारित स्पिन-ऑफ ‘स्मैशिंग सिंबा’ भी आए।
जैपक मोबाइल गेम्स ने ‘लिटिल सिंघम’, ‘लिटिल सिंघम क्रिकेट’, ‘साइकिल रन’, ‘सुपर स्केटर’ और ‘लूडो’ जैसे कई गेम्स तैयार किए। इनमें मुख्य ‘लिटिल सिंघम’ गेम को एक करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया।
ड्रीम थिएटर ने इसके लाइसेंसिंग अधिकार संभाले, जिसके जरिए ‘लिटिल सिंघम’ के खिलौने, कपड़े, स्कूल का सामान, फुटवियर और एफएमसीजी प्रोडक्ट्स के प्रमोशन भी शुरू हुए।
दूसरी ओर, बड़े पर्दे पर भी सिंघम का सफर जारी रहा। 1 नवंबर 2024 को रिलीज हुई ‘सिंघम अगेन’ दुनियाभर में 372.41 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ इस फ्रेंचाइजी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है।
5. कृष 3 (Krrish 3, 2013)
राकेश रोशन के निर्देशन में बनी ‘कृष 3’ 1 नवंबर 2013 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में ऋतिक रोशन डबल रोल में नजर आए थे। प्रियंका चोपड़ा के अलावा विवेक ओबेरॉय ने काल और कंगना रनौत ने अपना रूप बदलने वाली काया का किरदार निभाया था।
सैकनिल्क के मुताबिक, 94 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘कृष 3’ ने भारत में 244.05 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 374 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी।
भारतीय सिनेमा में मार्वल की तरह सुपरहीरो की दुनिया तैयार करने के मामले में ‘कृष’ फ्रेंचाइजी सबसे करीब नजर आती है। साल 2013 में ग्राफिक इंडिया और फिल्मक्राफ्ट ने ‘कृष: मेनेस ऑफ द मंकी मेन’ (Krrish: Menace of the Monkey Men) नाम की कॉमिक लॉन्च की थी।
इसे ‘स्पाइडर-मैन’ से जुड़े दिग्गज लेखक टॉम डीफाल्को ने लिखा था, जबकि मार्वल के जाने-माने आर्टिस्ट सैल बुसेमा ने इसके चित्र तैयार किए थे। हंगामा के जरिए उपलब्ध कराए गए विशेष कृष ऐप पर हर हफ्ते मोबाइल कॉमिक जारी होती थी। इसका प्रिंट मैगजीन वर्जन भी आया था।
हंगामा और गेम्सशास्त्र ने विंडोज फोन्स, टैबलेट्स और पीसी के लिए ‘कृष 3’ का आधिकारिक गेम भी तैयार किया था। हालांकि, इस फ्रेंचाइजी का पहला गेम ‘कृष: द गेम’ साल 2006 में ही इंडियागेम्स ने लॉन्च कर दिया था।
2013 से 2016 के बीच कार्टून नेटवर्क पर ‘किड कृष’ (Kid Krrish) की चार एनिमेटेड फिल्में प्रसारित हुई थीं। इन्हें टून्ज एनिमेशन और फिल्मक्राफ्ट ने मिलकर तैयार किया था।
मर्चेंडाइजिंग के मामले में भी ‘कृष 3’ का दायरा काफी बड़ा था। ड्रीम थिएटर ने करीब 250 प्रोडक्ट्स बाजार में उतारे थे, जिनकी कीमत 50 रुपये से 3,500 रुपये तक थी। इनमें कृष, काल और काया के एक्शन फिगर्स, फ्रिस्बी, यो-यो, स्केट्स, बेडशीट्स, बीन बैग्स और कैंडी तक शामिल थीं।
फिल्म की 40 से 50 करोड़ रुपये की ब्रांड टाई-अप डील्स में 18 से 20 करोड़ रुपये की मर्चेंडाइजिंग डील भी शामिल थी।
अब ऋतिक रोशन ‘कृष 4’ के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। आदित्य चोपड़ा के निर्माण में बनने वाली इस फिल्म को 2027 में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है।
6. धूम 3 (Dhoom 3, 2013)
विजय कृष्ण आचार्य के निर्देशन में बनी ‘धूम 3’ 20 दिसंबर 2013 को रिलीज हुई थी। फिल्म में आमिर खान डबल रोल में नजर आए थे। कैटरीना कैफ, अभिषेक बच्चन, उदय चोपड़ा और जैकी श्रॉफ भी फिल्म का हिस्सा थे।
सैकनिल्क के मुताबिक, 175 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने भारत में 284.27 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 558 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म से पहले इसका गेम रिलीज हो गया था और लोकप्रियता के मामले में वह भी जबरदस्त सफल रहा। यशराज फिल्म्स ने उडुपी की गेमिंग कंपनी 99गेम्स के साथ मिलकर ‘धूम:3 द गेम’ (Dhoom:3 The Game) तैयार किया था।
शिकागो की सड़कों पर सुपरबाइक चेज पर आधारित इस गेम में 32 लेवल थे। मोबाइल फोन को अलग-अलग दिशाओं में झुकाकर बाइक को कंट्रोल किया जा सकता था। 18 लोगों की टीम ने चार महीने में इस गेम को तैयार किया था।
25 अक्टूबर 2013 को फिल्म की रिलीज से करीब दो महीने पहले इसे विशेष रूप से विंडोज फोन स्टोर पर लॉन्च किया गया था। बाद में यह आईओएस, एंड्रॉयड, ब्लैकबेरी 10 और नोकिया के फीचर फोन्स पर भी उपलब्ध कराया गया।
महज 20 दिनों में गेम को 10 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया था। आगे चलकर दुनियाभर में इसके डाउनलोड्स की संख्या 1.2 करोड़ से ज्यादा हो गई।
26 जून 2014 को इसका सीक्वल गेम ‘धूम:3 जेट स्पीड’ (Dhoom:3 Jet Speed) भी लॉन्च हुआ। इस बार सुपरबाइक की जगह शिकागो नदी में एक्वा जेट चलाने का अनुभव दिया गया था।
7. कोचादाइयां (Kochadaiiyaan, 2014)
सौंदर्या रजनीकांत के निर्देशन में बनी ‘कोचादाइयां: द लेजेंड’ 23 मई 2014 को रिलीज हुई थी। यह भारत की पहली फोटोरियलिस्टिक परफॉर्मेंस कैप्चर फिल्म थी। रजनीकांत फिल्म में ट्रिपल रोल में नजर आए थे, जबकि दीपिका पादुकोण ने इसके जरिए तमिल सिनेमा में कदम रखा था।
आर. सरथकुमार, आदि, जैकी श्रॉफ, नासर और शोभना भी फिल्म का हिस्सा थे। पाइनवुड स्टूडियोज में 48 कैमरों की मदद से शूट की गई इस फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया था। फिल्म तमिल के अलावा पांच अन्य भाषाओं में रिलीज हुई थी।
हालांकि, फिल्म की महत्वाकांक्षा के अनुरूप इसकी एनिमेशन क्वालिटी नहीं रही और इसे काफी आलोचना झेलनी पड़ी। फिल्म का बजट कथित तौर पर 125 करोड़ रुपये था। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले हफ्ते में इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 42 करोड़ रुपये रहा था। लाइफटाइम कलेक्शन के अनुमान भी इस आंकड़े से ज्यादा आगे नहीं बढ़ सके।
फिल्म के प्रमोशन और गेमिंग से जुड़े प्रयोग उस समय के लिहाज से काफी आधुनिक थे। हंगामा और गेम्सशास्त्र ने मार्च के मध्य में ‘कोचादाइयां: किंगडम रन’ (Kochadaiiyaan: Kingdom Run) और ‘कोचादाइयां: रेन ऑफ एरोज’ (Kochadaiiyaan: Reign of Arrows) नाम के दो मोबाइल गेम्स लॉन्च किए थे। मई के मध्य तक दोनों गेम्स को मिलाकर 10 लाख से ज्यादा डाउनलोड हो चुके थे।
कार्बन मोबाइल्स ने विशेष एडिशन वाले हैंडसेट्स भी तैयार किए थे, जिनमें फिल्म पहले से लोड थी। इसके अलावा देशभर में करीब 400 ऑगमेंटेड रियलिटी होर्डिंग्स लगाए गए थे। लोग अपने मोबाइल फोन को होर्डिंग की तरफ करके रजनीकांत को जीवंत होते देख सकते थे। यह प्रयोग उस समय किया गया था, जब ऑगमेंटेड रियलिटी का मार्केटिंग में इस्तेमाल आम नहीं हुआ था।
साल 2026 में इरोज इनोवेशन ने अपने ‘इरोज रीमास्टर्ड’ बैनर के तहत ‘कोचादाइयां’ के एआई रीमास्टर्ड वर्जन की घोषणा की। सौंदर्या रजनीकांत अपनी 12 साल पुरानी फिल्म को नए सिरे से तैयार करने के लिए फिर इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हैं।
8. बाजीराव मस्तानी (Bajirao Mastani, 2015)
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी ‘बाजीराव मस्तानी’ 18 दिसंबर 2015 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा स्टारर इस फिल्म को जबरदस्त सफलता मिली थी। फिल्म के गाने ‘पिंगा’ और ‘मल्हारी’ शादियों की प्लेलिस्ट का भी अहम हिस्सा बन गए।
सैकनिल्क के मुताबिक, 145 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने भारत में 184.30 करोड़ रुपये का नेट, विदेशी बाजारों में 101 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 357 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म हिट रही थी।
इस फिल्म के प्रमोशन के लिए एक बेहद अलग प्रयोग किया गया था। 10 नवंबर 2015 को रणवीर सिंह ने इरोज नाउ पर ‘ब्लेजिंग बाजीराव’ (Blazing Bajirao) नाम की एनिमेटेड ग्राफिक वेब सीरीज लॉन्च की थी।
मोशन कॉमिक के रूप में तैयार की गई इस सीरीज का उद्देश्य फिल्म की रिलीज से पहले दर्शकों को वास्तविक पेशवा बाजीराव प्रथम से परिचित कराना था।
इसके बाद पेशवा बाजीराव की सैन्य विजयों पर आधारित ‘ब्लेजिंग बाजीराव’ गेम भी लॉन्च किया गया। इसे इरोज नाउ की वेबसाइट के अलावा आईओएस और एंड्रॉयड ऐप्स पर उपलब्ध कराया गया था।
संजय लीला भंसाली की ऐतिहासिक प्रेम कहानी का एक एक्शन से भरपूर कॉमिक सीरीज और गेम में विस्तार बॉलीवुड के सबसे अनोखे प्रयोगों में शामिल रहा।
9. ए फ्लाइंग जट्ट (A Flying Jatt, 2016)
रेमो डिसूजा के निर्देशन में बनी ‘ए फ्लाइंग जट्ट’ 25 अगस्त 2016 को रिलीज हुई थी। फिल्म में टाइगर श्रॉफ ने ऊंचाई से डरने वाले एक ऐसे सिख सुपरहीरो का किरदार निभाया था, जो अपनी जिम्मेदारियां निभाने को लेकर हिचकिचाता है। जैकलीन फर्नांडिस के अलावा डब्ल्यूडब्ल्यूई के नाथन जोन्स ने राका नाम के विलेन की भूमिका निभाई थी। के. के. मेनन और अमृता सिंह भी फिल्म का हिस्सा थे।
एकता कपूर और शोभा कपूर की बालाजी मोशन पिक्चर्स के निर्माण में बनी इस फिल्म का बजट 45 करोड़ रुपये था। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 38.57 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 56.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म फ्लॉप रही थी।
हालांकि, मेकर्स ने फिल्म के किरदारों की दुनिया का विस्तार करने के लिए कई दिलचस्प प्रयोग किए थे। मुंबई के किडजानिया में फिल्म से जुड़े कॉमिक्स, गेम्स और अन्य प्रोडक्ट्स लॉन्च किए गए थे।
‘ए फ्लाइंग जट्ट: द हैंड्स ऑफ डेथ’ (A Flying Jatt: The Hands of Death) नाम की कॉमिक बुक की कहानी वहां से शुरू होती थी, जहां फिल्म खत्म हुई थी। 199 रुपये की कीमत वाली यह कॉमिक फ्लिपकार्ट, अमेजन, स्नैपडील और बुक स्टोर्स पर उपलब्ध थी।
हंगामा ने फिल्म का आधिकारिक एंडलेस रनर गेम भी तैयार किया था, जिसे एंड्रॉयड, आईओएस, टाटा स्काई और एयरटेल डिजिटल टीवी पर उपलब्ध कराया गया था।
इसके मल्टीप्लेयर मोड की खास बात यह थी कि हर 30 सेकंड में सबसे पीछे चल रहे खिलाड़ी को गेम से बाहर कर दिया जाता था। खिलाड़ी अमन, कीर्ति और राका के किरदारों के साथ गेम खेल सकते थे। फिल्म से जुड़े मर्चेंडाइज की जिम्मेदारी ब्रांड मॉन्क लाइसेंसिंग ने संभाली थी।
10. शिवाय (Shivaay, 2016)
अजय देवगन के निर्देशन और निर्माण में बनी ‘शिवाय’ 28 अक्टूबर 2016 को दिवाली के मौके पर रिलीज हुई थी। फिल्म में अजय देवगन ने मुख्य भूमिका भी निभाई थी। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला करण जौहर की ‘ऐ दिल है मुश्किल’ से हुआ था, जो उस दशक के सबसे चर्चित दिवाली क्लैश में शामिल रहा।
सायशा ने इस फिल्म के जरिए हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। एरिका कार, अबीगैल ईम्स, वीर दास और गिरीश कर्नाड भी फिल्म का हिस्सा थे।
सैकनिल्क के मुताबिक, 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘शिवाय’ ने भारत में 100.45 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 147.29 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। व्यावसायिक रूप से फिल्म का प्रदर्शन औसत से कम रहा था। हालांकि, 64वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में इसे बेस्ट स्पेशल इफेक्ट्स का अवॉर्ड मिला था।
रिलायंस की जैपक मोबाइल गेम्स ने एंड्रॉयड के लिए ‘शिवाय: द ऑफिशियल गेम’ (Shivaay: The Official Game) तैयार किया था। इसमें खिलाड़ियों को फिल्म के पर्वतारोही हीरो के एक्शन का अनुभव मिलता था।
फिल्म के मुकाबले इसका गेम भले ही एक छोटा-सा प्रयोग था, लेकिन इससे यह भी पता चलता है कि 2016 तक किसी बड़ी फिल्म का आधिकारिक गेम लॉन्च करना कोई नई बात नहीं रह गई थी। यह बड़ी फिल्मों की मार्केटिंग रणनीति का हिस्सा बन चुका था।
11. कल्कि 2898 एडी (Kalki 2898 AD, 2024)
भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट तय होने से पहले ही कहानी की दुनिया का विस्तार शुरू कर दिया था।
नाग अश्विन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 जून 2024 को रिलीज हुई थी। प्रभास फिल्म में डबल रोल में नजर आए थे, जबकि अमिताभ बच्चन ने अश्वत्थामा और कमल हासन ने सुप्रीम यास्किन का किरदार निभाया था। दीपिका पादुकोण, दिशा पाटनी और शोभना भी फिल्म का हिस्सा थीं।
सैकनिल्क के मुताबिक, 600 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने भारत में 646.31 करोड़ रुपये का नेट और दुनियाभर में 1,042.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी।
जुलाई 2023 में रिलीज से करीब एक साल पहले ‘कल्कि 2898 एडी’ सैन डिएगो कॉमिक-कॉन के हॉल एच में पैनल आयोजित करने वाली भारत में निर्मित पहली फिल्म बनी थी। इस दौरान नाग अश्विन, प्रभास, कमल हासन और राणा दग्गुबाती मंच पर मौजूद थे, जबकि अमिताभ बच्चन भारत से वीडियो के जरिए जुड़े थे। फिल्म का पांच मिनट का टीजर दर्शकों की मांग पर दोबारा दिखाया गया था।
इसके बाद वैजयंती एनिमेशन और ग्रीन गोल्ड एनिमेशन ने ‘बुज्जी एंड भैरवा’ (Bujji & Bhairava) नाम की दो भागों वाली एनिमेटेड प्रीक्वल सीरीज तैयार की। इसे 31 मई 2024 को अमेजन प्राइम वीडियो पर तेलुगु, हिंदी और अंग्रेजी में रिलीज किया गया था।
प्रभास और कीर्ति सुरेश ने इसमें अपने-अपने किरदारों को आवाज दी थी। 49 लाख व्यूज के साथ यह 2024 की पहली छमाही में भारत में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली तेलुगु सीरीज बनी थी।
गेमिंग की दुनिया में क्राफ्टन का ‘बीजीएमआई’ फिल्म का आधिकारिक गेमिंग पार्टनर बना था। गेम के मेका फ्यूजन अपडेट के साथ ‘कल्कि’ थीम पर आधारित इन-गेम इवेंट और स्किन कूपन्स पेश किए गए थे। एक क्रॉसओवर ट्रेलर में बुज्जी और मेका मशीनों को गेम के बैटलग्राउंड में भी दिखाया गया था।
इतना ही नहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा ने फिल्म की एआई गाड़ी ‘बुज्जी’ का वास्तविक और चलने योग्य वर्जन भी तैयार किया था। आनंद महिंद्रा ने इस बारे में लिखा था, “हमें नाग अश्विन और उनके जैसे उन फिल्म निर्माताओं पर बहुत गर्व है, जो बड़ा सोचने से नहीं डरते।”
‘कल्कि 2898 एडी: पार्ट 2’ की मुख्य शूटिंग 24 फरवरी 2026 को शुरू हुई थी। हालांकि, दीपिका पादुकोण इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। मेकर्स ने सितंबर 2025 में उनके फिल्म से अलग होने की पुष्टि की थी।
12. हनुमान अंश (Hanuman Ansh, 2026)
इस सूची में सबसे नई और हैरान करने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी कैंची धाम के संत नीम करौली बाबा पर आधारित है, जिनके भक्तों में जूलिया रॉबर्ट्स से लेकर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा तक के नाम शामिल हैं।
फिल्म में शोभिनव सत्या ने महाराज जी का किरदार निभाया है। एफटीआईआई से प्रशिक्षण ले चुके शोभिनव पहले असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुके हैं। वह इस फिल्म से भी शुरुआत में कैमरे के पीछे काम करने के लिए जुड़े थे। पांच घंटे के स्क्रीन टेस्ट के बाद उन्हें महाराज जी की भूमिका के लिए चुना गया था। चंदन के. आनंद और पूर्णिमा तिवारी भी फिल्म का हिस्सा हैं।
फिल्म की स्क्रिप्ट एक महीने से भी कम समय में लिखी गई थी। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में इसकी शूटिंग 22 दिनों में पूरी हुई थी, जिसका ज्यादातर हिस्सा चित्रकूट में शूट किया गया था।
फिल्म ने पहले दिन करीब 8 से 10 लाख रुपये की कमाई की थी। इसके बाद दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के चलते फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल आया।
सैकनिल्क के मुताबिक, रिलीज के 34वें दिन तक ‘हनुमान अंश’ ने भारत में 153.13 करोड़ रुपये का नेट और 180.95 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था। अपने बजट के मुकाबले इतनी शानदार कमाई के साथ यह हाल के वर्षों की भारतीय फिल्मों में मुनाफे की सबसे असाधारण कहानियों में शामिल हो गई है। फिल्म ने अपने पांचवें वीकेंड में ‘धुरंधर’ के पांचवें वीकेंड से भी ज्यादा कमाई की।
होम्बाले फिल्म्स अपनी कंपनी होम्बाले ओवरसीज के जरिए 11 सितंबर 2026 से फिल्म को दुनियाभर में रिलीज कर रही है। ‘अला वैकुंठपुरमुलो’ के निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास भी फिल्म के तेलुगु वर्जन की रिलीज से जुड़ गए हैं।
बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता के बाद अब ‘हनुमान अंश’ की दुनिया का विस्तार गेमिंग और कॉमिक्स में भी होने जा रहा है। फिल्म की निर्माता नम्रता सिंह ने पुष्टि की है कि टीम हनुमान कवच की थीम पर आधारित एक वीडियो गेम तैयार कर रही है। इसे वही गेमिंग स्टूडियो बना रहा है, जिसने ‘फौ-जी’ (FAU-G) गेम तैयार किया था।
इसके अलावा फिल्म पर आधारित एक कॉमिक बुक की भी योजना है। नम्रता सिंह के मुताबिक, इसके लिए “देश के सबसे बड़े कॉमिक बुक प्रकाशकों में से एक” के साथ बातचीत चल रही है।
मेकर्स ने फिल्म के दूसरे और तीसरे भाग की भी योजना बनाई है। दूसरे भाग में कैंची धाम की कहानी दिखाई जाएगी, जबकि तीसरे भाग में महाराज जी की कहानी के अंतरराष्ट्रीय अध्याय को पर्दे पर पेश किया जाएगा।











