एक कहानी, कई सुपरस्टार: ‘दृश्यम’ से ‘बॉडीगार्ड’ तक, अलग-अलग भाषाओं में बनीं इन 15 भारतीय फिल्मों की रीमेक
‘दृश्यम’, ‘बॉडीगार्ड’, ‘हेरा फेरी’ और ‘भूल भुलैया’ जैसी फिल्मों का रीमेक कनेक्शन जानिए। इन 15 भारतीय फिल्मों की कहानियां कई भाषाओं में पर्दे पर आईं।
IST
Last Updated On
IST
फिल्म इंडस्ट्री में ‘पैन इंडिया’ का चलन लोकप्रिय होने से काफी पहले ही भारतीय फिल्मों की कहानियां भाषाओं की सीमाएं पार करने लगी थीं। किसी एक भाषा में फिल्म हिट होती तो दूसरी फिल्म इंडस्ट्री के निर्माता और निर्देशक उसी कहानी को नए कलाकारों, नए परिवेश, अलग गानों और कभी-कभी बदले हुए क्लाइमैक्स के साथ दर्शकों के सामने पेश करते थे। डबिंग के जरिए जहां कलाकारों का वही अभिनय दूसरी भाषा के दर्शकों तक पहुंचता है, वहीं रीमेक में पूरी फिल्म को नए दर्शकों के हिसाब से तैयार किया जाता है।
यह भी पढ़ें | अजय देवगन को ‘क्राइम पेट्रोल’ के लिए मिले 90 करोड़ रुपये, फिर भी टीवी के सबसे महंगे होस्ट नहीं हैं
भारतीय सिनेमा में ऐसी कई फिल्में बनी हैं, जिनकी मूल कहानी भले ही एक रही हो, लेकिन अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री ने उन्हें अपने अंदाज में पेश किया। भाई का सम्मान हासिल करने की कोशिश में जुटे एक प्रेमी की तेलुगु कहानी नौ फिल्म इंडस्ट्री तक पहुंची, तो ट्रैफिक नियम तोड़ने से जुड़ी एक कन्नड़ थ्रिलर का रीमेक फिलीपींस में भी बना। वहीं, एक मलयालम फैमिली थ्रिलर के चीनी रीमेक ने करीब 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई कर डाली।
‘दृश्यम’ और ‘बॉडीगार्ड’ से लेकर ‘हेरा फेरी’, ‘नो एंट्री’ और ‘घिल्ली’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों की मूल कहानियों तक, आइए जानते हैं भारतीय सिनेमा की उन 15 फिल्मों के बारे में, जिनके सबसे ज्यादा रीमेक बने हैं।
1. नुव्वोस्तानांटे नेनोद्दांटाना (Nuvvostanante Nenoddantana) – आठ भाषाओं में नौ रीमेक
मूल फिल्म: तेलुगु, 14 जनवरी 2005
निर्देशक: प्रभु देवा
मुख्य कलाकार: सिद्धार्थ, तृषा कृष्णन और श्रीहरि
सबसे लोकप्रिय रीमेक: उनक्कुम एनक्कुम (तमिल, 2006)
एक अमीर एनआरआई युवक अपने प्यार को साबित करने के लिए ऐशो-आराम छोड़कर खेतों में काम करने को तैयार हो जाता है। प्रभु देवा के निर्देशन में बनी उनकी पहली फिल्म की यह कहानी अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों को खूब पसंद आई।
फिल्म का तमिल में ‘उनक्कुम एनक्कुम’ (Unakkum Enakkum), कन्नड़ में ‘नीनेल्लो नानल्ले’ (Neenello Naanalle), बंगाली में ‘आई लव यू’ (I Love You), मणिपुरी में ‘निंगोल थाजाबा’ (Ningol Thajaba), ओड़िया में ‘सुना चढ़ेई मो रूपा चढ़ेई’ (Suna Chadhei Mo Rupa Chadhei), पंजाबी में ‘तेरा मेरा की रिश्ता’ (Tera Mera Ki Rishta), बांग्लादेशी बंगाली में ‘निश्शास आमार तुमी’ (Nissash Amar Tumi), नेपाली में ‘द फ्लैश बैक: फर्केर हेर्दा’ (The Flash Back: Farkera Herda) और हिंदी में ‘रमैया वस्तावैया’ (Ramaiya Vastavaiya) नाम से रीमेक बना।
इस तरह फिल्म के आठ अलग-अलग भाषाओं में नौ रीमेक रिलीज हुए। इनमें दो बंगाली फिल्में हैं, जो अलग-अलग देशों की फिल्म इंडस्ट्री में बनीं।
एम. राजा के निर्देशन में बनी तमिल फिल्म ‘उनक्कुम एनक्कुम’ इनमें सबसे लोकप्रिय रही। फिल्म में जयम रवि, तृषा और प्रभु ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। खास बात यह रही कि तृषा ने तमिल रीमेक में भी मूल फिल्म वाला अपना किरदार निभाया। हिंदी दर्शकों के बीच ‘रमैया वस्तावैया’ भले ही ज्यादा जानी-पहचानी फिल्म हो, लेकिन नौ रीमेक में यही एकमात्र फिल्म थी, जिसका व्यावसायिक प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
यह भी पढ़ें | ‘धूम’ से ‘धमाल’ तक: जब बॉलीवुड की हिट फ्रेंचाइजी में बदले लीड स्टार, नए चेहरों ने संभाली कमान
2. यू टर्न (U Turn) – सात भाषाओं में सात रीमेक
मूल फिल्म: कन्नड़, 20 मई 2016
निर्देशक: पवन कुमार
मुख्य कलाकार: श्रद्धा श्रीनाथ, रोजर नारायण, राधिका चेतन और दिलीप राज
सबसे लोकप्रिय रीमेक: यू टर्न (तमिल-तेलुगु, 2018)
पवन कुमार की सुपरनैचुरल मिस्ट्री थ्रिलर ‘यू टर्न’ की कहानी एक पत्रकार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बेंगलुरु के एक फ्लाईओवर पर कंक्रीट के ब्लॉक हटाकर रास्ता बदलने वाले वाहन चालकों की मौत से जुड़े रहस्य की जांच करती है।
इस फिल्म का मलयालम में ‘केयरफुल’ (Careful), तमिल, तेलुगु, सिंहला, फिलिपिनो, बंगाली में ‘फ्लाईओवर’ (Flyover) और हिंदी में रीमेक बना। फिलीपींस में रीमेक बनने के साथ ही ‘यू टर्न’ फिलिपिनो भाषा में रीमेक होने वाली पहली कन्नड़ फिल्म भी बन गई। इसके बंगाली और हिंदी रीमेक क्रमशः 2021 और 2023 में रिलीज हुए।
भारतीय भाषाओं में इसका सबसे लोकप्रिय रीमेक पवन कुमार के निर्देशन में ही बनी 2018 की तमिल-तेलुगु फिल्म रही। सामंथा रुथ प्रभु, आदि पिनिसेट्टी, भूमिका चावला और राहुल रवींद्रन स्टारर यह फिल्म 13 सितंबर को रिलीज हुई थी। पवन कुमार ने रीमेक के आखिरी हिस्से में बदलाव किए थे। वहीं, सामंथा की मौजूदगी ने फिल्म को एक साथ दो बड़े फिल्म बाजारों तक पहुंचाया।
3. दृश्यम (Drishyam) – सात भाषाओं में सात रीमेक
मूल फिल्म: मलयालम, 19 दिसंबर 2013
निर्देशक: जीतू जोसेफ
मुख्य कलाकार: मोहनलाल, मीना, अंसिबा हसन और एस्थर अनिल
सबसे लोकप्रिय रीमेक: शीप विदाउट अ शेफर्ड (मैंडरिन, 2019)
अपने परिवार को बचाने के लिए एक खास दिन की घटनाओं के आधार पर मजबूत कहानी तैयार करने वाले जॉर्जकुट्टी की कहानी कई देशों के दर्शकों तक पहुंच चुकी है। ‘दृश्यम’ का कन्नड़ में ‘दृश्या’ (Drishya), तेलुगु में ‘दृश्यम’ (Drushyam), तमिल में ‘पापनासम’ (Papanasam), हिंदी में ‘दृश्यम’, सिंहला में ‘धर्मयुद्धया’ (Dharmayuddhaya) और मैंडरिन में ‘शीप विदाउट अ शेफर्ड’ (Sheep Without a Shepherd) नाम से रीमेक बना।
20 अगस्त 2026 को विनो जी. बास्टियन और मार्शा टिमोथी स्टारर इंडोनेशियाई फिल्म ‘अयाह, आकु माउ चेरिता’ (Ayah, Aku Mau Cerita) की रिलीज के साथ ही ‘दृश्यम’ के रीमेक सात भाषाओं में पहुंच गए। इसके अंग्रेजी और कोरियाई प्रोजेक्ट्स की घोषणा भी हो चुकी है।
भारत में अजय देवगन की ‘दृश्यम’ सबसे ज्यादा लोकप्रिय है, खासकर एक सफल फिल्म फ्रेंचाइजी बनने के बाद इसकी पहचान और मजबूत हुई। हालांकि, दुनियाभर में कमाई के मामले में सैम क्वाह के निर्देशन में बनी चीनी फिल्म सबसे आगे रही। शियाओ यांग, तान झुओ और जोन चेन स्टारर इस फिल्म ने करीब 199 मिलियन अमेरिकी डॉलर का ग्रॉस कलेक्शन किया। फिल्मों के शौकीन एक पिता और अपने परिवार को बचाने के लिए उसकी बनाई योजना पर आधारित मलयालम थ्रिलर को चीनी रीमेक के जरिए जबरदस्त सफलता मिली।
4. अनुराग अरलिथु (Anuraga Aralithu) – छह भाषाओं में सात रीमेक
मूल फिल्म: कन्नड़, 1986
निर्देशक: एम. एस. राजशेखर
मुख्य कलाकार: राजकुमार, माधवी और गीता
सबसे लोकप्रिय रीमेक: घराना मोगुडु (तेलुगु, 1992)
एक घमंडी उद्योगपति और अपने सिद्धांतों पर चलने वाले मैकेनिक के बीच अहंकार की लड़ाई पर आधारित इस फिल्म में कामकाजी जिंदगी और वैवाहिक रिश्तों की कहानी दिखाई गई थी।
फिल्म का तमिल में ‘मन्नन’ (Mannan), तेलुगु में ‘घराना मोगुडु’ (Gharana Mogudu), हिंदी में ‘लाडला’ (Laadla), सिंहला में ‘मल हथाई’ (Mal Hathai), ओड़िया में ‘सिंदूरा नुहें खेला घरा’ (Sindura Nuhein Khela Ghara), भारतीय बंगाली में ‘जमाईबाबू जिंदाबाद’ (Jamaibabu Jindabad) और बांग्लादेशी बंगाली में ‘शामी स्त्रीर जुद्धो’ (Shami Strir Juddho) नाम से रीमेक बना। दो अलग-अलग बंगाली रीमेक होने के कारण इसके सात रीमेक छह भाषाओं में बने।
रजनीकांत की ‘मन्नन’ और श्रीदेवी-अनिल कपूर की ‘लाडला’ आज भी काफी पहचानी जाती हैं। हालांकि, के. राघवेंद्र राव के निर्देशन में बनी ‘घराना मोगुडु’ ने सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की। चिरंजीवी, नगमा और वाणी विश्वनाथ स्टारर यह फिल्म 9 अप्रैल 1992 को रिलीज हुई थी। यह बॉक्स ऑफिस पर 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन करने वाली पहली तेलुगु फिल्म बनी थी।
5. ओक्काडु (Okkadu) – छह भाषाओं में आठ रीमेक
मूल फिल्म: तेलुगु, 15 जनवरी 2003
निर्देशक: गुणशेखर
मुख्य कलाकार: महेश बाबू, भूमिका चावला और प्रकाश राज
सबसे लोकप्रिय रीमेक: घिल्ली (तमिल, 2004)
‘ओक्काडु’ की कहानी एक कबड्डी खिलाड़ी की है, जो एक हिंसक गुट के नेता से एक युवती को बचाकर अपने परिवार के घर में छिपा देता है। इसके बाद दोनों लगातार खतरे से बचने की कोशिश करते हैं।
एक्शन से भरपूर इस कहानी के आठ रीमेक बने। इनमें तमिल की ‘घिल्ली’ (Ghilli), कन्नड़ की ‘अजय’ (Ajay), ओड़िया की ‘माते आनिदेला लाखे फागुना’ (Mate Aanidela Lakhe Phaguna), भारतीय बंगाली फिल्म ‘जोर’ (Jor), बांग्लादेशी बंगाली फिल्में ‘दापोट’ (Dapot) और ‘बोलोना कोबुल’ (Bolona Kobul), हिंदी की ‘तेवर’ (Tevar) और सिंहला की ‘कबड्डी’ (Kabaddi) शामिल हैं। तीन बंगाली फिल्मों के कारण रीमेक की संख्या आठ है, जबकि भाषाओं की संख्या छह है।
इन सभी रीमेक में धरणी के निर्देशन में बनी ‘घिल्ली’ सबसे ज्यादा सफल रही। 17 अप्रैल 2004 को रिलीज हुई इस फिल्म में विजय ने महेश बाबू वाला किरदार निभाया, जबकि भूमिका चावला की जगह तृषा नजर आईं। प्रकाश राज ने एक बार फिर विलेन की भूमिका निभाई और उनका प्यार से कहा जाने वाला शब्द “चेल्लम” भी यादगार बन गया।
‘घिल्ली’ विजय के करियर की एक महत्वपूर्ण ब्लॉकबस्टर साबित हुई। दो दशक बाद 2024 में फिल्म की री-रिलीज ने भी बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया।
6. पूविनु पुथिया पून्थेन्नल (Poovinu Puthiya Poonthennal) – छह भाषाओं में छह रीमेक
मूल फिल्म: मलयालम, 12 सितंबर 1986
निर्देशक: फाजिल
मुख्य कलाकार: ममूटी, सुरेश गोपी, नादिया मोइदु और सुजिता
सबसे लोकप्रिय रीमेक: पसिवाड़ी प्रणाम (तेलुगु, 1987)
फाजिल की इस थ्रिलर के केंद्र में एक ऐसा बच्चा है, जो बोल और सुन नहीं सकता और एक हत्या का गवाह बन जाता है। शराब की लत से जूझ रहा एक शख्स अप्रत्याशित रूप से उसका रक्षक बनता है।
खतरे, दुख और माता-पिता जैसे स्नेह से जुड़ी इस कहानी का तमिल में ‘पूविझी वासलिले’ (Poovizhi Vasalile), तेलुगु में ‘पसिवाड़ी प्रणाम’ (Pasivadi Pranam), कन्नड़ में ‘आपद्बांधव’ (Aapadbandhava), हिंदी में ‘हत्या’ (Hatya), बंगाली में ‘खोतिपूरोन’ (Khotipuron) और सिंहला में ‘वेदा बारिनाम वेदक नेहे’ (Veda Barinam Vedak Nehe) नाम से रीमेक बना। इनमें से कई फिल्मों के क्लाइमैक्स में भी बदलाव किए गए।
ए. कोदंडारामी रेड्डी के निर्देशन में बनी तेलुगु फिल्म ‘पसिवाड़ी प्रणाम’ को सबसे बड़ी व्यावसायिक सफलता मिली। चिरंजीवी, विजयशांति, रघुवरन और सुजिता स्टारर यह फिल्म 23 जुलाई 1987 को रिलीज हुई थी और अपने समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगु फिल्म बनी।
इस फिल्म के रीमेक से जुड़ी एक खास बात सुजिता की मौजूदगी भी रही। अलग-अलग भाषाओं में सुपरस्टार बदलते रहे, लेकिन कहानी के भावनात्मक केंद्र में मौजूद बाल कलाकार सुजिता कई रीमेक का हिस्सा बनीं।
7. किरीडम (Kireedam) – छह भाषाओं में छह रीमेक
मूल फिल्म: मलयालम, 7 जुलाई 1989
निर्देशक: सिबी मलयिल
मुख्य कलाकार: मोहनलाल, थिलकन और पार्वती जयराम
सबसे लोकप्रिय रीमेक: गर्दिश (हिंदी, 1993)
‘किरीडम’ एक बेहद भावुक कहानी है। इसके मुख्य किरदार सेतुमाधवन का सपना पुलिस में भर्ती होने का है। हालांकि, एक गैंगस्टर से अपने पिता को बचाने की कोशिश में उसकी जिंदगी ऐसी बदल जाती है कि वह हिंसक व्यक्ति की उस पहचान में फंस जाता है, जिसे वह कभी हासिल नहीं करना चाहता था।
इस फिल्म का तेलुगु में ‘राउडीइज्म नासिंचाली’ (Rowdyism Nasinchali), कन्नड़ में ‘मोडादा मरेयल्ली’ (Modada Mareyalli), हिंदी में ‘गर्दिश’ (Gardish), बांग्लादेशी बंगाली में ‘बाबार आदेश’ (Babar Adesh), ओड़िया में ‘मायुसा’ (Mayusaa) और तमिल में मूल नाम ‘किरीडम’ से रीमेक बना।
मूल फिल्म में मोहनलाल के अभिनय को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में स्पेशल मेंशन मिला था। हालांकि, कहानी इतनी प्रभावशाली थी कि इसे अलग-अलग सुपरस्टार्स के साथ भी पर्दे पर पेश किया गया।
देशभर में लोकप्रियता के लिहाज से प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘गर्दिश’ इसका सबसे प्रमुख रीमेक है। फिल्म में जैकी श्रॉफ, अमरीश पुरी और डिंपल कपाड़िया ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। अजित कुमार और तृषा स्टारर 2007 की तमिल फिल्म ‘किरीडम’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था।
8. चार्ली चैपलिन (Charlie Chaplin) – छह भाषाओं में छह रीमेक
मूल फिल्म: तमिल, 15 फरवरी 2002
निर्देशक: शक्ति चिदंबरम
मुख्य कलाकार: प्रभु, प्रभु देवा, अभिरामी, गायत्री रघुरामन और लिविंगस्टन
सबसे लोकप्रिय रीमेक: नो एंट्री (हिंदी, 2005)
पति, प्रेम संबंधों, झूठ और गलतफहमियों के बीच उलझे किरदारों पर आधारित तमिल कॉमेडी फिल्म ‘चार्ली चैपलिन’ की कहानी इतनी लोकप्रिय हुई कि छह अन्य भाषाओं में भी इस पर फिल्में बनीं।
इसका तेलुगु में ‘पेल्लम ऊरेलिथे’ (Pellam Oorelithe), हिंदी में ‘नो एंट्री’ (No Entry), मलयालम में ‘हैप्पी हसबैंड्स’ (Happy Husbands), कन्नड़ में ‘कल्ला मल्ला सुल्ला’ (Kalla Malla Sulla), मराठी में ‘नो एंट्री पुढे धोका आहे’ (No Entry Pudhe Dhoka Aahey) और बंगाली में ‘केलोर कीर्ति’ (Kelor Kirti) नाम से रीमेक बना।
अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी ‘नो एंट्री’ इन सभी रीमेक में सबसे बड़ी सफलता साबित हुई। अनिल कपूर, सलमान खान, फरदीन खान, बिपाशा बसु, लारा दत्ता, ईशा देओल और सेलिना जेटली स्टारर यह फिल्म 26 अगस्त 2005 को रिलीज हुई थी। ‘नो एंट्री’ उस साल की प्रमुख हिंदी हिट फिल्मों में शामिल रही और इसने मूल तमिल फिल्म से अलग अपनी एक मजबूत पहचान बनाई।
9. शटर (Shutter) – छह भाषाओं में छह रीमेक
मूल फिल्म: मलयालम, प्रीमियर 9 दिसंबर 2012, सिनेमाघरों में रिलीज 22 फरवरी 2013
निर्देशक: जॉय मैथ्यू
मुख्य कलाकार: लाल, श्रीनिवासन, विनय फोर्ट, सजिता मडाथिल और रिया सायरा
सबसे लोकप्रिय रीमेक: ओरु नाल इराविल (तमिल, 2015)
‘शटर’ की कहानी खाड़ी देश से लौटे एक सम्मानित व्यक्ति की है, जो गलती से एक सेक्स वर्कर के साथ दुकान के अंदर बंद हो जाता है। इस असहज परिस्थिति पर आधारित फिल्म की कहानी छह अन्य भाषाओं में भी पर्दे पर दिखाई गई।
फिल्म का मराठी में ‘शटर’ (Shutter), तमिल में ‘ओरु नाल इराविल’ (Oru Naal Iravil), तुलु में ‘शटरदुलाई’ (Shutterdulai), कन्नड़ में ‘इडोल्ले रामायण’ (Idolle Ramayana), तेलुगु में ‘मना ऊरी रामायणम’ (Mana Oori Ramayanam) और पंजाबी में ‘लॉक’ (Lock) नाम से रीमेक बना।
इनमें एंथनी के निर्देशन में बनी ‘ओरु नाल इराविल’ सबसे ज्यादा चर्चा में रही। सत्यराज, अनुमोल और युगी सेतु स्टारर यह फिल्म 20 नवंबर 2015 को रिलीज हुई थी। विजय द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म को शुरुआत में ज्यादातर सकारात्मक समीक्षाएं मिली थीं।
प्रकाश राज ने भी कन्नड़ और तेलुगु में इसके अलग-अलग वर्जन शूट किए थे। कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेताओं की मौजूदगी के कारण इन रीमेक की स्टारकास्ट सबसे मजबूत रही।
10. रामजी राव स्पीकिंग (Ramji Rao Speaking) – छह भाषाओं में छह रीमेक
मूल फिल्म: मलयालम, 1989
निर्देशक: सिद्दीकी-लाल
मुख्य कलाकार: साई कुमार, मुकेश, इनोसेंट, रेखा और विजयराघवन
सबसे लोकप्रिय रीमेक: हेरा फेरी (हिंदी, 2000)
पैसों की तंगी से जूझ रहे तीन लोग, गलत नंबर पर आया एक फोन कॉल और अपहरण से जुड़ी एक योजना। सिद्दीकी और लाल के निर्देशन में बनी उनकी पहली फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ की यह कहानी कई भाषाओं में कॉमेडी फिल्मों का आधार बनी।
फिल्म का तमिल में ‘अरंगेत्र वेलै’ (Arangetra Velai), हिंदी में ‘हेरा फेरी’ (Hera Pheri), तेलुगु में ‘धनलक्ष्मी, आई लव यू’ (Dhanalakshmi, I Love You), ओड़िया में ‘रॉन्ग नंबर’ (Wrong Number), कन्नड़ में ‘ट्रिन ट्रिन’ (Trin Trin) और बंगाली में ‘हेरा फेरी’ नाम से रीमेक बना।
2023 की पंजाबी फिल्म ‘गोल गप्पे’ को भी कभी-कभी इसका सातवां रीमेक बताया जाता है। हालांकि, फिल्म के मेकर्स ने इसके रीमेक होने की बात से असहमति जताई थी, इसलिए इसे इस सूची में शामिल नहीं किया गया है।
इन सभी रीमेक में प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘हेरा फेरी’ सबसे ज्यादा लोकप्रिय रही। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल और तब्बू स्टारर यह फिल्म 31 मार्च 2000 को रिलीज हुई थी।
बाबूराव, राजू और श्याम जैसे किरदार भारतीय पॉपुलर कल्चर का अहम हिस्सा बन चुके हैं। फिल्म के मीम्स इतने लोकप्रिय हैं कि ऑनलाइन बातचीत में भी इसके दृश्यों और स्क्रीनशॉट्स का खूब इस्तेमाल होता है।
11. बृंदावनम (Brindavanam) – पांच भाषाओं में छह रीमेक
मूल फिल्म: तेलुगु, 14 अक्टूबर 2010
निर्देशक: वामशी पैडिपल्ली
मुख्य कलाकार: जूनियर एनटीआर, काजल अग्रवाल, सामंथा रुथ प्रभु, प्रकाश राज और श्रीहरि
सबसे लोकप्रिय रीमेक: खोका 420 (बंगाली, 2013)
‘बृंदावनम’ की कहानी एक ऐसे युवक की है, जो अपनी गर्लफ्रेंड की दोस्त का प्रेमी होने का नाटक करने के लिए तैयार हो जाता है। वह आपसी विवादों में उलझे एक परिवार के बीच पहुंचता है और उनके रिश्तों को सुधारने की कोशिश करता है। इसी दौरान प्यार का उसका नाटक इतना वास्तविक लगने लगता है कि उसकी अपनी मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
फिल्म का ओड़िया में ‘लव मास्टर’ (Love Master), कन्नड़ में ‘बृंदावना’ (Brindavana), भारतीय बंगाली में ‘खोका 420’ (Khoka 420), बांग्लादेशी बंगाली में ‘बुक फाटे तो मुख फोटेना’ (Buk Fatey To Mukh Foteyna), मराठी में ‘वृंदावन’ (Vrundavan) और भोजपुरी में ‘हम हैं जोड़ी नंबर 1’ (Hum Hai Jodi No 1) नाम से रीमेक बना।
राजीब बिस्वास के निर्देशन में बनी ‘खोका 420’ को व्यावसायिक रूप से सबसे ज्यादा पहचान मिली। देव, शुभश्री गांगुली और नुसरत जहां स्टारर यह फिल्म 14 जून 2013 को रिलीज हुई थी। यह उस साल की प्रमुख बंगाली फिल्मों में शामिल रही और मूल कहानी को ‘खोकाबाबू’ की दुनिया के साथ जोड़ा गया।
रोमांस, पारिवारिक विवाद, कॉमेडी, एक्शन और अपने झूठ को छिपाने की कोशिश में जुटे हीरो की कहानी अलग-अलग भाषाओं में खूब पसंद की गई। ‘खोका 420’ ने बंगाली सिनेमा में पहले दिन की कमाई का नया रिकॉर्ड भी बनाया था, जिसे दो महीने बाद ‘बॉस’ ने तोड़ दिया।
12. पवित्र बंधम (Pavitra Bandham) – पांच भाषाओं में छह रीमेक
मूल फिल्म: तेलुगु, 17 अक्टूबर 1996
निर्देशक: मुथ्याला सुब्बैया
मुख्य कलाकार: वेंकटेश, सौंदर्या, एस. पी. बालासुब्रमण्यम, प्रकाश राज और श्रीहरि
सबसे लोकप्रिय रीमेक: हम आपके दिल में रहते हैं (हिंदी, 1999)
शादी की जिम्मेदारियों से बचने वाला एक अमीर युवक एक साल की कॉन्ट्रैक्ट मैरिज का प्रस्ताव रखता है। उसकी शर्त स्वीकार करने वाली महिला धीरे-धीरे उसे रिश्तों की अहमियत समझाती है। तेलुगु ब्लॉकबस्टर ‘पवित्र बंधम’ की यह कहानी पांच अन्य भाषाओं में भी दर्शकों तक पहुंची।
फिल्म का ओड़िया में ‘सुहाग सिंदूरा’ (Suhaag Sindura), कन्नड़ में ‘मांगल्यम तंतुनानेना’ (Mangalyam Tantunanena), हिंदी में ‘हम आपके दिल में रहते हैं’ (Hum Aapke Dil Mein Rehte Hain), तमिल में ‘प्रियमानवले’ (Priyamaanavale), भारतीय बंगाली में ‘सात पाके बांधा’ (Saat Paake Bandha) और बांग्लादेशी बंगाली में ‘ए बंधन जाबेना छिरे’ (E Badhon Jabena Chhire) नाम से रीमेक बना।
सतीश कौशिक के निर्देशन में बनी ‘हम आपके दिल में रहते हैं’ को सबसे व्यापक लोकप्रियता मिली। अनिल कपूर और काजोल स्टारर यह फिल्म 22 जनवरी 1999 को रिलीज हुई थी। फिल्म सुपरहिट रही और 25 हफ्तों तक सिनेमाघरों में चली। इसके लिए काजोल को प्रमुख बेस्ट एक्ट्रेस पुरस्कारों में नॉमिनेशन भी मिले।
विजय और सिमरन स्टारर तमिल रीमेक ‘प्रियमानवले’ भी व्यावसायिक रूप से सफल रही और तमिल दर्शकों के बीच काफी पसंद की जाती है। हालांकि, हिंदी रीमेक ने कॉन्ट्रैक्ट मैरिज पर आधारित इस कहानी को देशभर में सबसे ज्यादा पहचान दिलाई।
13. पूचक्कोरु मूक्कुथी (Poochakkoru Mookkuthi) – पांच भाषाओं में छह रीमेक
मूल फिल्म: मलयालम, 17 मार्च 1984
निर्देशक: प्रियदर्शन
मुख्य कलाकार: मोहनलाल, शंकर, मेनका और एम. जी. सोमन
सबसे लोकप्रिय रीमेक: हंगामा (हिंदी, 2003)
प्रियदर्शन ने अपने निर्देशन करियर की शुरुआत एक ऐसी कॉमेडी फिल्म से की थी, जिसमें पहचान को लेकर पैदा हुई गलतफहमियां किरदारों की मुश्किलें बढ़ाती जाती हैं।
इस फिल्म का हिंदी में ‘हंगामा’ (Hungama), तेलुगु में ‘इंटलो श्रीमति वीधिलो कुमारी’ (Intlo Srimathi Veedhilo Kumari), कन्नड़ में ‘जूटाटा’ (Jootata), बांग्लादेशी बंगाली में ‘भालोबेशे बौ आनबो’ (Bhalobeshe Bou Anbo), भारतीय बंगाली में ‘ले हालुआ ले’ (Le Halua Le) और पंजाबी में ‘लवली ते लवली’ (Lovely Te Lovely) नाम से रीमेक बना।
भारत और बांग्लादेश दोनों में बंगाली रीमेक बनने के कारण फिल्म के पांच भाषाओं में छह रीमेक हैं। मूल मलयालम फिल्म 100 दिनों से ज्यादा समय तक सिनेमाघरों में चली थी और इसने मलयालम सिनेमा में उलझनों व गलतफहमियों पर आधारित कॉमेडी फिल्मों के चलन को बढ़ावा दिया।
इसका सबसे चर्चित रीमेक प्रियदर्शन के निर्देशन में ही बनी ‘हंगामा’ है। अक्षय खन्ना, आफताब शिवदासानी, रिमी सेन और परेश रावल स्टारर यह फिल्म 1 अगस्त 2003 को रिलीज हुई थी। शुरुआत में फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली और टेलीविजन पर बार-बार प्रसारित होने के साथ इसकी लोकप्रियता और बढ़ती गई।
14. मणिचित्रताझु (Manichitrathazhu) – चार भाषाओं में चार रीमेक
मूल फिल्म: मलयालम, 25 दिसंबर 1993
निर्देशक: फाजिल
मुख्य कलाकार: शोभना, मोहनलाल और सुरेश गोपी
सबसे लोकप्रिय रीमेक: भूल भुलैया (हिंदी, 2007)
फाजिल के निर्देशन में बनी साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म ‘मणिचित्रताझु’ का कन्नड़ में ‘आप्तमित्र’ (Apthamitra), तमिल में ‘चंद्रमुखी’ (Chandramukhi), बंगाली में ‘राजमहल’ (Rajmohol) और हिंदी में ‘भूल भुलैया’ (Bhool Bhulaiyaa) नाम से रीमेक बना।
खास बात यह है कि फिल्म के चारों रीमेक व्यावसायिक रूप से सफल रहे, जो अपने आप में बेहद दुर्लभ उपलब्धि है। हर रीमेक में मनोविज्ञान, हॉरर, कॉमेडी और स्टार पावर के बीच अलग तरह का संतुलन बनाया गया। इन फिल्मों ने अपनी इतनी अलग पहचान बनाई कि मंजुलिका और चंद्रमुखी जैसे किरदारों की चर्चा अक्सर अलग-अलग कहानियों के किरदारों की तरह होती है।
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘भूल भुलैया’ इसका सबसे लोकप्रिय रीमेक साबित हुई। अक्षय कुमार, विद्या बालन और अमीषा पटेल समेत कई कलाकारों से सजी इस फिल्म ने दुनियाभर में 82 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। आगे चलकर ‘भूल भुलैया’ एक फिल्म फ्रेंचाइजी भी बन गई।
लोकप्रियता के मामले में पी. वासु के निर्देशन में बनी ‘चंद्रमुखी’ भी इसके काफी करीब रही। रजनीकांत, ज्योतिका, प्रभु, वडिवेलु और नयनतारा स्टारर यह फिल्म 14 अप्रैल 2005 को रिलीज हुई थी। यह उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म बनी और चेन्नई के शांति थिएटर में 890 दिनों तक चली थी।
15. बॉडीगार्ड (Bodyguard) – चार भाषाओं में चार रीमेक
मूल फिल्म: मलयालम, 22 जनवरी 2010
निर्देशक: सिद्दीकी
मुख्य कलाकार: दिलीप, नयनतारा और मित्रा कुरियन
सबसे लोकप्रिय रीमेक: बॉडीगार्ड (हिंदी, 2011)
सिद्दीकी के निर्देशन में बनी ‘बॉडीगार्ड’ एक ऐसे बॉडीगार्ड की प्रेम कहानी है, जिसे फोन पर एक अनजान लड़की के कॉल आते हैं। उसे इस बात का अंदाजा नहीं होता कि फोन करने वाली लड़की वही है, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी उसे सौंपी गई है।
फिल्म का तमिल में ‘कावलन’ (Kaavalan) और हिंदी, कन्नड़ व तेलुगु में ‘बॉडीगार्ड’ नाम से रीमेक बना। सिद्दीकी ने खुद तमिल और हिंदी रीमेक का निर्देशन किया था।
इन सभी रीमेक में सलमान खान, करीना कपूर खान और हेजल कीच स्टारर हिंदी फिल्म ‘बॉडीगार्ड’ सबसे बड़ी सफलता साबित हुई। 31 अगस्त 2011 को ईद के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा में पहले दिन की कमाई का नया रिकॉर्ड बनाया था। यह उस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में भी शामिल रही।
तमिल रीमेक में विजय को एक अलग तरह के किरदार में सफलता मिली, जबकि तेलुगु रीमेक में वेंकटेश और तृषा की जोड़ी नजर आई। हालांकि, सलमान खान के लवली सिंह वाले किरदार ने इस कहानी को सबसे व्यापक लोकप्रियता दिलाई।
इन फिल्मों के रीमेक भी रहे काफी लोकप्रिय
इन 15 फिल्मों के अलावा भारतीय सिनेमा में कई अन्य ऐसी फिल्में भी हैं, जिनके रीमेक अलग-अलग भाषाओं में बने और दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हुए।
तमिल फिल्म ‘सेतु’ (Sethu) का हिंदी, कन्नड़, तेलुगु और बंगाली में रीमेक बना। इनमें सलमान खान की ‘तेरे नाम’ सबसे ज्यादा लोकप्रिय रही। ऋषिकेश मुखर्जी की ‘गोल माल’ (Gol Maal) का तमिल, कन्नड़, मलयालम और सिंहला में रीमेक बना। रजनीकांत की ‘थिल्लू मुल्लू’ (Thillu Mullu) ने एक क्लासिक फिल्म के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
महेश बाबू की तेलुगु ब्लॉकबस्टर ‘पोकिरी’ (Pokiri) के भी तीन रीमेक बने। इनमें विजय की तमिल फिल्म ‘पोक्किरी’ (Pokkiri), सलमान खान की हिंदी फिल्म ‘वांटेड’ (Wanted) और दर्शन की कन्नड़ फिल्म ‘पोर्की’ (Porki) शामिल हैं।
भले ही इन फिल्मों के रीमेक कम भाषाओं में बने हों, लेकिन उन्होंने कलाकारों के करियर की दिशा बदली और स्टार्स की नई छवि तैयार की। इन फिल्मों की सफलता ने साबित किया कि भारतीय सिनेमा में एक अच्छी कहानी किसी एक भाषा तक सीमित नहीं रहती।











